750 करोड़ की सीवर परियोजना के भूमि पूजन में फूटा जनप्रतिनिधियों का गुस्सा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 6, 2026

750 करोड़ की सीवर परियोजना के भूमि पूजन में फूटा जनप्रतिनिधियों का गुस्सा

माइक नहीं, मंच पर अव्यवस्था व गुणवत्ता पर सवाल

सपा मानसिकता छोड़िए, नहीं तो ठेकेदारी नहीं कर पाएंगे: साध्वी 

राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने जेई-ठेकेदार को लगाई फटकार

फतेहपुर, मो शमशाद । सदर तहसील क्षेत्र स्थित मदारीपुर कला गांव में शनिवार को लगभग 750 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सीवर लाइन परियोजना का भूमि पूजन कार्यक्रम उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब कार्यक्रम की अव्यवस्थाओं को लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान मंच से ही भड़क उठीं। करोड़ों की परियोजना के शुभारंभ कार्यक्रम में माइक और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की समुचित व्यवस्था न होने तथा मंच संचालन में खामियों को लेकर दोनों नेताओं ने अधिकारियों, इंजीनियरों और ठेकेदारों को जमकर फटकार लगाई।

सीवर परियोजना के भूमि पूजन में हिस्सा लेते जनप्रतिनिधि।

भूमि पूजन के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे लेकिन जैसे ही जनप्रतिनिधियों के संबोधन का समय आया, मंच पर माइक व्यवस्था चरमरा गई। कई बार आवाज लोगों तक नहीं पहुंची, जिससे कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हुआ। करोड़ों रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना के शुभारंभ कार्यक्रम में इस तरह की लापरवाही देखकर दोनों जनप्रतिनिधियों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। साध्वी निरंजन ज्योति ने मंच से ही संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जब 750 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम होना है तो उसकी शुरुआत ही अव्यवस्था और लापरवाही से नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के विकास के लिए बड़ी-बड़ी योजनाएं ला रही है, लेकिन कुछ लोग अपनी कार्यशैली से सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सपा मानसिकता से काम करना छोड़ दीजिए, नहीं तो ठेकेदारी नहीं कर पाएंगे। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने भी मंच से नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद जेई और ठेकेदार को फटकार लगाई। राज्यमंत्री यहीं नहीं रुकीं, बल्कि उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे परियोजना के निर्माण कार्य पर लगातार नजर रखें। उन्होंने कहा कि यह जनता के टैक्स के पैसे से बनने वाली योजना है और इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि कहीं भी गड़बड़ी दिखाई दे तो तत्काल उसकी सूचना दी जाए। मंच से हुई इस फटकार के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि असहज नजर आए। बताया जा रहा है कि मदारीपुर कला क्षेत्र में प्रस्तावित यह सीवर लाइन परियोजना शहर और आसपास के क्षेत्रों की सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है लेकिन परियोजना के शुभारंभ समारोह में हुई अव्यवस्था ने विकास कार्यों की निगरानी और कार्यदायी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, पूर्व विधायक आदित्य पाण्डेय, पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, अपर्णा सिंह गौतम, कुलदीप भदौरिया, सुधा मौर्या, राम प्रताप सिंह गौतम, राम प्रकाश गुप्ता, सभासद विनय तिवारी, कमलेश योगी, राजेश सिंह जनसेवक सहित तमाम भाजपाई मौजूद रहे। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages