अनशनकारियों के समर्थन में पहुंची जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी पटेल
बांदा, के एस दुबे । जनपद के पल्हरी बाईपास चौराहे पर स्थापित महाराजा खेत सिंह खंगार की प्रतिमा पिछले तीन वर्षों से खंडित अवस्था में पड़ी है। प्रशासन की इस उदासीनता के खिलाफ आजाद क्रांति पार्टी और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा अशोक लाट स्थित अनशन स्थल पर लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। बुधवार को जनता दल यूनाइटेड की टीम ने अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को अपना पूर्ण समर्थन दिया और उनके मांग पत्र को स्वीकार किया।
पल्हरी बाईपास चौराहे पर स्थापित महाराजा खेत सिंह खंगार जी की मूर्ति को लगभग तीन वर्ष पूर्व कुछ अराजक तत्वों द्वारा खंडित कर दिया गया था। इस घटना के बाद से ही विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और जागरूक नागरिकों द्वारा लगातार शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नई मूर्ति स्थापित करने और उसका अनावरण कराने की मांग की जा रही है। इसके बावजूद, तीन साल बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। खंडित मूर्ति आज भी उसी स्थान पर लगी हुई है, जिसे लेकर समाज के लोगों में भारी आक्रोश है और उनकी भावनाएं लगातार आहत हो रही हैं।
अनशनकारियों के समर्थन में पहुंचीं जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने अपनी पूरी टीम की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। महाराजा खेत सिंह खंगार जी की नई और भव्य मूर्ति को पल्हरी बाईपास पर जल्द से जल्द स्थापित कर उसका अनावरण कराया जाए। वर्षों से लंबित इस मांग को पूरा करना बेहद जरूरी है ताकि समाज की भावनाओं का सम्मान हो सके। अशोक लाट पर बैठे अनशनकारियों और जदयू नेताओं ने साफ किया कि जब तक प्रशासन कुंभकर्णी नींद से नहीं जागता और नई प्रतिमा की स्थापना को लेकर कोई ठोस लिखित आश्वासन या कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस दौरान आजाद क्रांति पार्टी के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और भारी संख्या में जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment