पुश्तैनी भूमि पर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने सीएम से लगाई गुहार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, June 14, 2026

पुश्तैनी भूमि पर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने सीएम से लगाई गुहार

हाईकोर्ट के स्थगनादेश के बावजूद कब्जा हटवाने की मांग

फतेहपुर, मो शमशाद । खागा तहसील के अंतर्गत हथगाम थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव निवासी एक किसान ने अपनी पुश्तैनी भूमिधरी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन और राजस्व अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। ग्राम खलिसपुर, पोस्ट अकबरपुर चैराई निवासी अजय कुमार पुत्र रामशरण विकल ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि गांव के ही मोहन पुत्र पिततु उनकी पुश्तैनी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए हैं। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने जमीन पर लकड़ियां, वाहन तथा अन्य सामान रखकर कब्जा जमा लिया है। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया और

अवैध कब्जे को दिखाता पीड़ित किसान।

संबंधित अधिकारियों से शिकायत की तो आरोपी पक्ष द्वारा उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। इससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है। अजय कुमार के अनुसार उन्होंने लेखपाल, राजस्व अधिकारियों, तहसील प्रशासन तथा जिलाधिकारी स्तर तक कई बार शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने तहसील समाधान दिवस में भी प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की थी, फिर भी मामला जस का तस बना हुआ है। पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि भूमि विवाद के संबंध में उन्हें उच्च न्यायालय से स्थगनादेश (स्टे ऑर्डर) प्राप्त है, इसके बावजूद प्रशासन और पुलिस कोर्ट के आदेश का प्रभावी अनुपालन कराने में असफल रहे हैं। निराश होकर पीड़ित ने अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अवैध कब्जा हटवाने, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages