जनकल्याण शिविर में गूंजी विकास की आवाज, प्रभारी मंत्री ने बांटे प्रमाण पत्र - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, June 14, 2026

जनकल्याण शिविर में गूंजी विकास की आवाज, प्रभारी मंत्री ने बांटे प्रमाण पत्र

बच्चों का कराया अन्नप्राशन, योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश

फतेहपुर, मो शमशाद । विकास खंड तेलियानी परिसर में रविवार को आयोजित जन कल्याण शिविर, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं गोष्ठी का शुभारंभ प्रदेश सरकार के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया गया।

सम्मेलन व गोष्ठी का शुभारंभ करते प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री के साथ अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी मौजूद रहे। अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में कृषि, शिक्षा, उद्योग, उद्यान, पूर्ति, स्वास्थ्य, बाल विकास, सिंचाई, विद्युत, पशुपालन, रेशम, बैंक एवं समाज कल्याण विभाग सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। प्रभारी मंत्री ने बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषाहार की पोटली भी वितरित की। अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास आज धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उन्हें सम्मानित किया। वहीं केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत अतिथियों ने ब्लॉक परिसर में पौधरोपण भी किया। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की पहल एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, खंड विकास अधिकारी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages