फतेहपुर, मो शमशाद । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी पार्क, पक्का तालाब में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम ने स्वास्थ्य, अनुशासन और जागरूकता का संदेश दिया। सुबह से ही पार्क में योग साधकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी से पूरा वातावरण योगमय हो उठा। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान लोगों ने तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के चेयरमैन राजकुमार मौर्य एडवोकेट ने की। इस अवसर पर सभासद संजय लाला, विनय तिवारी, संतोष पटेल एवं दीपक मौर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर योग के महत्व को
![]() |
| अटल बिहारी वाजपई पार्क में योग करते नगर पालिका के अध्यक्ष एवं कर्मचारी |
आत्मसात किया। नगर पालिका परिषद कार्यालय से अवर अभियंता विजय कुमार, एसआई चंद्राकर, हबीब बाबू, संजय सिंह, रितेश बाबू, राजू पांडेय बाबू एवं राजू बाबू सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं पिनाका टीम, एमटीआई टीम तथा नगर पालिका परिषद के अन्य कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। योग तनाव को दूर कर शरीर और मन को ऊर्जा प्रदान करता है तथा जीवन में सकारात्मकता का संचार करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वस्थ, निरोग और सकारात्मक जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। योग दिवस के इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि योग के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का दायरा भी विस्तृत हो रहा है।


No comments:
Post a Comment