बांदा, के एस दुबे । जिलाधिकारी के निर्देशन में गुरुवार को केन पथ बांदा पर दैवी आपदाओं से निपटने के लिए राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं को बाढ़ आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में जिला नोडल प्रभारी, प्रधानाचार्य एवं जिला स्काउट कमिश्नर मेजर मिथलेश कुमार पांडेय ने बाढ़ आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले विभिन्न बचाव उपायों की जानकारी दी। वहीं जिला प्रशिक्षण आयुक्त अशोक कुमार ने सीमित संसाधनों में स्टेचर बनाकर घायल एवं बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया। जिला सचिव सरोज कुमार ने
तैराकी के माध्यम से बाढ़ पीड़ितों को बचाने के प्रभावी तरीकों से अवगत कराया। जिला संगठन कमिश्नर स्काउट अरुण कुमार अग्रहरी ने आपदा की स्थिति में प्राथमिक उपचार के महत्व और उसकी विधियों की जानकारी दी। इसी क्रम में जिला प्रशिक्षण आयुक्त आराधना गौतम ने मॉक एक्सरसाइज के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के अगले चरण में स्मिता द्विवेदी ने बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, उन्हें उचित परामर्श देने तथा भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर कुलदीप श्रीवास (ट्रेनिंग काउंसलर), अंकित त्रिपाठी सहित जेपी शर्मा इंटर कॉलेज बबेरू के स्काउट तथा भगवती प्रसाद ओमर बालिका इंटर कॉलेज, बांदा की गाइड उपस्थित रहीं। वक्ताओं ने कहा कि स्काउट-गाइड सदैव सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। आगामी बाढ़ आपदा की संभावनाओं को देखते हुए उन्हें समय रहते प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे राहत एवं बचाव कार्यों में प्रभावी योगदान दे सकें। कार्यक्रम में सभी स्काउट-गाइड ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज सेवा और आपदा प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment