1.70 लाख की लूट, पुलिस की ढीली कार्रवाई पर एसपी से गुहार
बांदा, के एस दुबे । जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र के एक गांव से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक हथियारबंद युवक ने रात के अंधेरे में दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और तमंचे के बल पर एक किशोरी का अपहरण कर लिया। इतना ही नहीं, आरोपी घर से भारी मात्रा में नकदी और जेवरात भी लूट ले गया। स्थानीय पुलिस द्वारा मामले में उचित कार्रवाई न किए जाने से आहत पीड़ित पिता ने अब पुलिस अधीक्षक बांदा के दफ्तर पहुंचकर न्याय और बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
पीड़ित पिता द्वारा एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात बीते 21-22 मई 2026 की रात करीब 12 बजे की है। कमासिन थाना क्षेत्र के लखनपुर निवासी आकाश द्विवेदी पुत्र गंगासागर अपने चाचा भान उर्फ विनय के साथ एक अन्य व्यक्ति संत चौरसिया की मोटरसाइकिल से पीड़ित के घर पहुंचा था। आरोप है कि आकाश दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुआ और पीड़ित की बेटी आरती देवी का मुंह दबाकर उसकी कनपटी पर तमंचा अड़ा दिया। इसके बाद आरोपी ने घर के बक्से को खंगालकर उसमें रखे करीब 1 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 70 हजार रुपये नकद लूट लिए।
आहट पाकर जब पीड़ित और उसकी पत्नी जाग गए और उन्होंने बल्ब की रोशनी में आरोपी को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी आकाश ने उन पर तमंचा तान दिया। उसने धमकी दी कि यदि शोर मचाया तो गोली मार देगा। इसके बाद आरोपी किशोरी का मुंह दबाकर उसे बाहर ले गया, घर के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और बाहर मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहे अपने चाचा के साथ किशोरी को जबरन बैठाकर फरार हो गया। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद जब वह न्याय की आस में आरोपी आकाश द्विवेदी के पिता, चाचा भान उर्फ विनय और चाची रिंकी के पास शिकायत लेकर गया, तो उन्होंने उल्टा पीड़ित परिवार के साथ गाली-गलौज की। दबंगई दिखाते हुए आरोपियों के परिजनों ने कहा, ष्ले गया है तुम्हारी लड़की को, जो करना हो कर लेनाष् और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित पिता ने आशंका जताई है कि आरोपी आकाश द्विवेदी आपराधिक प्रवृत्ति का युवक है। उसने डर जाहिर किया है कि आरोपी उसकी बेटी के साथ कोई गंभीर वारदात कर सकता है या उसे कहीं बेच सकता है। पीड़ित ने बताया कि घटना के अगले ही दिन यानी 22 मई 2026 को ही कमासिन थाने में लिखित तहरीर दी गई थी, लेकिन आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और केवल गुमशुदगी दर्ज कर औपचारिकता पूरी कर ली। थाने से मायूस होकर अब परेशान पिता ने पुलिस अधीक्षक बांदा की चौखट खटखटाई है। पीड़ित ने एसपी से मामले में संगीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराने, बेटी को सकुशल बरामद करने और सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


No comments:
Post a Comment