मोहर्रम पर्व को लेकर कलेक्ट्रेट में शांति समिति की बैठक - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, June 16, 2026

मोहर्रम पर्व को लेकर कलेक्ट्रेट में शांति समिति की बैठक

बांदा, के एस दुबे । आगामी मोहर्रम पर्व को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी  अमित आसेरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व से जुड़ी प्रशासनिक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि चंद्र दर्शन  के अनुसार, 17 जून से 26 जून 2026 तक जनपद के विभिन्न पारंपरिक मार्गों से मोहर्रम के जुलूस निकाले जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम का पर्व शांति, सद्भाव एवं भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए इसे बिना किसी भेदभाव और विघ्न के संपन्न कराया जाए। 


जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं। जुलूस के रास्तों पर विशेष साफ-सफाई रखने, सड़कों की समय से मरम्मत कराने और रास्ते में आने वाली झाड़ियों की कटाई-छंटाई करने को कहा गया है। विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम जुलूस मार्गों का निरीक्षण करेगी ताकि कहीं भी लटके या खुले हुए बिजली के तार न रहें और हादसों से बचा जा सके।  जल संस्थान को निर्देश दिया गया है कि जुलूस मार्गों पर नियमित पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए और कहीं भी पाइपलाइन लीकेज हो तो उसे तुरंत ठीक किया जाए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बांदा को केन नदी के किनारे ताजिया विसर्जन के लिए गड्ढे खोदकर सभी आवश्यक प्रबंध समय से करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम के जुलूस अपने पारंपरिक रूप और तय रास्तों से ही निकाले जाएंगे। ताजियों की ऊंचाई भी निर्धारित मानक के अनुरूप ही रखी जानी चाहिए। इसके साथ ही लाउडस्पीकर की ध्वनि को भी तय मानक सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को खुद जुलूस मार्गों का भ्रमण कर अपनी-अपनी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने को कहा है। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व  कुमार धर्मेंद्र, नगर मजिस्ट्रेट संदीप अकेला, अपर पुलिस अधीक्षक सुश्री मेविस टॉक सहित जिले के समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस और शांति समिति के सम्मानित सदस्यगण उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages