वृद्ध किसान की जमीन पर अवैध बालू खनन का आरोप, विरोध करने पर मारपीट - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 20, 2026

वृद्ध किसान की जमीन पर अवैध बालू खनन का आरोप, विरोध करने पर मारपीट

नरैनी /बांदा, के एस दुबे । कोतवाली नरैनी क्षेत्र के ग्राम पुकारी में एक वृद्ध किसान की भूमिधरी भूमि से कथित रूप से अवैध बालू खनन किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित किसान ने गांव के कुछ लोगों पर जबरन खनन करने, विरोध करने पर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत कोतवाली नरैनी में दर्ज कराते हुए मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को भी प्रेषित की गई है। ग्राम पुकारी निवासी नत्थू पुत्र दुर्गा ने आरोप लगाया कि उनकी गाटा संख्या 504/2, 519/3, 519/2 एवं 520 स्थित भूमि पर गांव के ही कुछ लोग दबंगई के बल पर अवैध बालू खनन कर रहे हैं। शिकायत में अरविंद पुत्र रामकुमार, प्रशांत उर्फ लल्लू पुत्र संतोष कुमार, सुमित पुत्र गोपेश, गोपेश पुत्र रामकुमार तथा बब्बी पुत्र जगप्रसाद को नामजद किया गया है। पीड़ित के अनुसार आरोपितों के तीन ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के लगातार बालू


ढुलाई में लगे रहते हैं। जब उन्होंने अपनी भूमि से खनन का विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। वृद्ध किसान का कहना है कि उम्रदराज होने के कारण वह दबंगों का सामना करने में असमर्थ हैं। नत्थू ने अपनी तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपित आए दिन उनके घर पहुंचकर अभद्रता करते हैं और जान से मारने व गांव से निकाल देने की धमकी देते हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी नामजद आरोपितों की होगी। पीड़ित किसान ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages