प्रधान की पहल पर नया ट्रांसफार्मर लगते ही सुजानपुर में छाया उजाला - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 13, 2026

प्रधान की पहल पर नया ट्रांसफार्मर लगते ही सुजानपुर में छाया उजाला

कई दिनों से अंधेरे में डूबे ग्रामीणों को मिली राहत

फतेहपुर, मो शमशाद । बहुआ ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजानपुर बहुआ देहात में प्रधान एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के अथक प्रयासों से कई दिनों से बिजली संकट झेल रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। मोहल्ले में नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। बताते चलें कि कुछ दिन पूर्व गांव के एक मोहल्ले में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया था। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर में आग लग गई और वह पूरी तरह जल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान हेमलता पटेल को दी। सूचना मिलते ही हेमलता पटेल मौके पर पहुंचीं और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बहुआ पावर हाउस के अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद करवाई।

नया ट्रांसफार्मर लगवातीं प्रधान हेमलता पटेल।

उनकी तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पूरा इलाका कई दिनों तक अंधेरे में डूबा रहा। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान हेमलता पटेल लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों के संपर्क में रहीं और ग्रामीणों की समस्या के शीघ्र समाधान के लिए लगातार प्रयास करती रहीं। हेमलता पटेल की सक्रियता और निरंतर पैरवी का ही परिणाम रहा कि शनिवार को बिजली विभाग द्वारा जले हुए ट्रांसफार्मर को हटाकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। ट्रांसफार्मर लगने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल होते ही पूरे मोहल्ले में खुशी की लहर दौड़ गई। बिजली आने से पंखे और अन्य विद्युत उपकरण चलने लगे, जिससे गर्मी से बेहाल ग्रामीणों को राहत मिली। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की कर्तव्यनिष्ठा, जनसेवा और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रधान ने समय रहते पहल न की होती तो समस्या लंबे समय तक बनी रह सकती थी। ग्रामवासियों ने हेमलता पटेल के प्रयासों को जनहित में सराहनीय बताते हुए कहा कि उन्होंने एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की भूमिका का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages