गैस सिलेंडर में आग लगने से मचा हड़कंप, धमाके में बुजुर्ग झुलसे - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 6, 2026

गैस सिलेंडर में आग लगने से मचा हड़कंप, धमाके में बुजुर्ग झुलसे

25 हजार की नकदी समेत गृहस्थी का सामान राख, प्रशासन ने शुरू कराया नुकसान का आंकलन

फतेहपुर, मो शमशाद । सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के इजुरा खुर्द गांव में शनिवार को गैस सिलेंडर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में हुए तेज धमाके से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 80 वर्षीय बुजुर्ग इंद्रपाल गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार इंद्रपाल के घर में भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर के भीतर रखा सामान उसकी चपेट में आ गया। आग के बीच हुए जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के

सिलेंडर में लगी आग का दृश्य।

ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी की इस घटना में घर में रखी करीब 25 हजार रुपये की नकदी, अनाज, कपड़े तथा अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में इंद्रपाल झुलस गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर घोष पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। वहीं राजस्व विभाग को भी मामले से अवगत कराया गया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आगजनी से हुए नुकसान की कुछ भरपाई हो सके। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages