बाढ़ आपदा से निपटने के लिए परखी गईं तैयारियाँ - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, June 11, 2026

बाढ़ आपदा से निपटने के लिए परखी गईं तैयारियाँ

एएसपी और होमगार्ड कमांडेंट का हुआ लाइव रेस्क्यू

बांदा, के एस दुबे । आगामी मानसून सत्र और संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन और राहत टीमों ने अपनी कमर कस ली है। बुधवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशन में पैलानी तहसील क्षेत्र के सिंधन कला स्थित केन नदी घाट पर एक मेगा मॉक एक्सरसाइज का रिहर्सल आयोजित किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य बाढ़ या जलभराव जैसी आपातकालीन स्थितियों में जान-माल के नुकसान को कम करना और राहत एवं बचाव कार्यों की गति को परखना था। मॉक ड्रिल के दौरान नदी में डूबने और बाढ़ में फँसने जैसी काल्पनिक परिस्थितियाँ पैदा की गईं। राहत और बचाव कार्य को अंजाम देने के लिए 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर की 11 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम मैदान में उतरी, जिसका नेतृत्व प्लाटून कमांडर ने किया। अभ्यास के दौरान एक


बेहद रोमांचक और चुनौतीपूर्ण दृश्य दर्शाया गया, जिसमें नदी में डूबे जिला कमांडेंट  अरुण कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह को रेस्क्यू टीम ने बेहद सूझबूझ और फुर्ती के साथ सुरक्षित बाहर निकाला। नदी से सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद दोनों अधिकारियों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए पैलानी तहसील लाया गया। यहाँ पहले से मुस्तैद डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। इस दौरान आपातकालीन स्थिति में ऑक्सीजन सपोर्ट देने और अन्य जरूरी जीवन रक्षक चिकित्सा प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया गया। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मानसून के मौसम में केन नदी का जलस्तर बढ़ने से कई बार बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं। ऐसे समय में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए यह अभ्यास बेहद जरूरी था। इस मॉक ड्रिल के जरिए जिला प्रशासन, पुलिस, पीएसी, स्वास्थ्य विभाग और होमगार्ड्स की तैयारियों को पूरी तरह से परख लिया गया है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages