शरीर पर मिले चोटों के निशान, खुलासे के लिए 4 टीमें गठित
बांदा, के एस दुबे । जनपद बांदा के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक घायल व्यक्ति की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस ने परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और मामले की गहन जांच में जुट गई है। प्राप्त सूचना के अनुसार, मृतक को उसके परिजन गंभीर अवस्था में इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज लाए थे। जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। जब मृतक के शरीर का मुआयना किया गया, तो उस पर कुछ चोटों के निशान दिखाई दिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने कोतवाली नगर में लिखित तहरीर दी, जिस पर त्वरित विधिक कार्रवाई करते हुए अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों सहित फील्ड यूनिट, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया। घटना स्थल से तकनीकी साक्ष्य, फिंगरप्रिंट्स और अन्य सभी महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्यों को बारीकी से संकलित किया गया है ताकि वैज्ञानिक जांच के जरिए सच्चाई को सामने लाया जा सके। पुलिस प्रशासन इस पूरे प्रकरण को बेहद गंभीरता से ले रहा है। मामले के हर एक पहलू पर बारीकी से विवेचना की जा रही है। घटना के त्वरित और सफल अनावरण के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न बिंदुओं पर लगातार दबिश और तफ्तीश कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना की परतें खोलकर मामले का सफल अनावरण किया जाएगा। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई को बढ़ाया जाएगा।
फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों से खुलेगा राज़ः एएसपी मेविस टॉक
प्रकरण में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मौके से फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं। घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से विवेचना की जा रही है और सफल अनावरण के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। सुश्री मेविस टॉक, सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी नगर मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment