नशे में स्टेयरिंग थामने वालों पर पुलिस का शिकंजा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, June 29, 2026

नशे में स्टेयरिंग थामने वालों पर पुलिस का शिकंजा

एक रात में 2.30 लाख का लगाया जुर्माना

फतेहपुर, मो शमशाद । सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने रविवार की रात जिले के विभिन्न टोल प्लाजों पर व्यापक ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों समेत बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे वाहनों पर पुलिस का डंडा चला। कुल 28 वाहनों के ई-चालान करते हुए 2.30 लाख का जुर्माना अधिरोपित किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय के कुशल पर्यवेक्षण में चलाए गए इस विशेष अभियान में यातायात पुलिस और संबंधित थानों की संयुक्त

टोल प्लाजा पर जांच-पड़ताल करती पुलिस।

टीमों ने देर रात तक जिले के प्रमुख टोल प्लाजों पर वाहनों की सघन जांच की। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर लगाम लगाना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराना रहा। जिंदपुर टोल प्लाजा बहुआ पर यातायात प्रभारी निरीक्षक केशरी प्रसाद यादव एवं थाना ललौली की सीसी टीम-1 के प्रभारी उपनिरीक्षक एरिस पटेल ने संयुक्त रूप से वाहनों की चेकिंग की। बड़ौरी टोल प्लाजा पर टीएसआई दीनानाथ तथा थाना कल्यानपुर की सीसी टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक संजय सरोज ने मोर्चा संभालते हुए संदिग्ध वाहनों की जांच की। इसके अलावा काटोघन टोल प्लाजा पर थाना खागा की सीसी टीम के प्रभारी कृष्ण कुमार यादव एवं टीएसआई बिजेंद्र कुमार राय ने संयुक्त अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 18 चालकों के ई-चालान कर 1.80 लाख का जुर्माना लगाया गया, जबकि बिना नंबर प्लेट संचालित 10 मालवाहक वाहनों के ई-चालान कर 50 हजार का जुर्माना अधिरोपित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages