बांदा, के एस दुबे । शहर कोतवाली क्षेत्र के क्योटरा निवासी ओमप्रकाश निषाद ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पत्नी और तीन वर्षीय पुत्र के लापता होने के मामले में कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसकी पत्नी और बच्चे को बहला-फुसलाकर कहीं ले जाकर अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, ओमप्रकाश निषाद की पत्नी मनीषा देवी 18 मई 2026 को अपने तीन वर्षीय पुत्र साहिल के साथ घर से निकली थीं। इसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित का कहना है कि उसने काफी तलाश की, लेकिन पत्नी और पुत्र का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों की गतिविधियां सीसीटीवी
कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई हैं। उसने रोशनी, मधु, सहदेव, रमेश और रज्जो सहित अन्य लोगों पर पत्नी और बच्चे को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा अज्ञात व्यक्ति को बेचने का आरोप लगाया है। ओमप्रकाश निषाद का यह भी कहना है कि आरोपितों से पूछताछ करने पर वे गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


No comments:
Post a Comment