कानपुर, प्रदीप शर्मा - छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज और आकाश हर्बोफार्मिंग प्राइवेट लिमिटेड के बीच गुरुवार को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। यह समझौता ज्ञापन कुलपति प्रो.विनय कुमार पाठक, प्रति कुलपति प्रो.सुधीर कुमार अवस्थी एवं कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य सहयोगात्मक प्रशिक्षण, शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देना है। इस समझौता ज्ञापन के मुख्य उद्देश्य टिशू कल्चर और हर्बल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अनुसंधान और विकास को आगे बढ़ाना, वैज्ञानिक विकास, प्रौद्योगिकी उत्पादन और नवाचार से संबंधित सहयोगात्मक कार्यों को समर्थन देना, हर्बल उत्पाद विकास, कौशल विकास और टिशू कल्चर गतिविधियों को मजबूत करना,संबंधित क्षेत्रों में स्टार्टअप कार्यक्रमों के लिए विशेष सहयोग और सहायता प्रदान करना।
यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच अकादमिक और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देगा, जिससे छात्रों और शोधकर्ताओं को अत्याधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञता का लाभ मिलेगा। इस साझेदारी के अंतर्गत कौशल विकास कार्यक्रम, तकनीकी कार्यशालाएं और संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएं आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज की निदेशक डॉ. निशा शर्मा और आकाश हर्बोफार्मिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक डाॅ विश्वजीत जादौन ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता, डॉ. अनुप्रिया कपूर तथा फार्मेसी विभाग के समस्त शिक्षक मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment