तिंदवारी /बांदा, के एस दुबे । थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुरसेजा चैकी के पास शुक्रवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक महज एक दिन पहले ही अपनी शादी की पहली सालगिरह मना चुका था। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में खुशियां मातम में बदल गई हैं। जानकारी के मुताबिक, देहात कोतवाली क्षेत्र के जारी गांव निवासी प्रहलाद सिंह 35 वर्ष पुत्र नत्थू सिंह शुक्रवार सुबह कुत्तों को रोटी खिलाने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। वे अपनी बाइक में पेट्रोल डलाने के लिए कुरसेजा चैकी के आगे स्थित पेट्रोल पंप की तरफ जा रहे थे। तभी रास्ते में तिंदवारी की दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी
बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रहलाद सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे सूरज सिंह ने रोते हुए बताया कि चाचा प्रहलाद सिंह की शादी एक वर्ष पहले ही हुई थी। बीते गुरुवार को ही पूरे परिवार ने बड़े धूमधाम के साथ उनकी पहली मैरिज एनिवर्सरी का कार्यक्रम मनाया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही दिन सुबह इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी। प्रहलाद अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था और मेहनत-मजदूरी कर पूरे घर का भरण-पोषण करता था। प्रहलाद की मौत के बाद उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जो कि वर्तमान में गर्भवती है। घटना की सूचना मिलते ही जारी गांव और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।


No comments:
Post a Comment