डीएम आवास के बगल चला बुलडोजर, सरकारी जमीन से हटे अवैध कब्जे - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, May 30, 2026

डीएम आवास के बगल चला बुलडोजर, सरकारी जमीन से हटे अवैध कब्जे

वर्षों पहले कर दी गई थी प्लॉटिंग, जांच में खुली पोल

फतेहपुर, मो शमशाद । जनपद में सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा और सख्त कदम उठाते हुए शनिवार को डीएम आवास से सटी फूलबाग कालोनी में सरकारी जमीन पर बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से कब्जाधारकों और भूमि कारोबारियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि वर्षों पहले कुछ जमीन कारोबारियों ने सरकारी भूमि को भी निजी बताकर उसकी प्लॉटिंग कर दी थी और लोगों को बेच दिया था। इसके बाद कई लोगों ने वहां मकान बनवा लिए, जबकि अनेक प्लॉटों पर निर्माण कार्य भी शुरू हो गया था। सरकारी अभिलेखों में दर्ज भूमि पर इस तरह से कब्जा और बिक्री का मामला प्रशासन के

फूलबाग कालोनी में प्लाटिंग पर चलता बुलडोजर।

संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू की गई। हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में राजस्व विभाग ने फूलबाग कॉलोनी स्थित विवादित भूमि की पैमाइश और अभिलेखों का सत्यापन कराया। जांच में भूमि सरकारी निकली, जिसके बाद कब्जे वाले हिस्सों को चिन्हित कर कार्रवाई की योजना बनाई गई। शनिवार को तहसीलदार सदर के नेतृत्व में राजस्व विभाग, पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में अभियान चलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों और निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन लोगों ने सरकारी भूमि पर निर्माण कर रखा है या अवैध रूप से कब्जा किया है, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं आम लोगों का कहना है कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ लंबे समय बाद इतनी बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages