बांदा, के एस दुबे । भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए धन और चढ़ावे में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने पूरे उत्तर प्रदेश में मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर रविवार को बांदा सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और प्रमुख चौराहों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। बांदा में आप कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरे और तख्तियां लेकर भिक्षाटन किया और विरोध स्वरूप 420 का एक प्रतीकात्मक चेक तैयार कर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को भेजा।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चंदा चोरों गद्दी छोड़ो और श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो जैसे गगनभेदी नारे लगाए। जनसमूह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष समरजीत सिंह पटेल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रभु श्री राम हम सभी की आस्था और मर्यादा के सर्वाेच्च प्रतीक हैं। उनके मंदिर के
नाम पर देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी गाढ़ी कमाई समर्पित की, लेकिन आरएसएस और भाजपा के पदाधिकारियों द्वारा इस पवित्र चंदे में लूट की जा रही है। महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था और आज भाजपा-आरएसएस ने राम मंदिर को लूटा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाले प्रधानमंत्री अपने संगठन के लोगों के इस कथित महाघोटाले पर मौन साधे हुए हैं। उन्होंने चुनौती दी कि यदि भाजपा-आरएसएस को पैसों की कमी है, तो वे जनता से मांग लें; आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता झोली फैलाकर उन्हें पैसा दे देगा, लेकिन भगवान के घर में हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार सविता ने सांसद संजय सिंह द्वारा पूर्व में किए गए खुलासों और सरकारी दस्तावेजों का हवाला देते हुए जमीन खरीद में हुए कथित घोटालों के आंकड़े पेश किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कि शाहनवाज़पुर माझा में स्थित 9 करोड़ की वास्तविक मालियत वाली 117 बिस्वा जमीन को 55 करोड़ 47 लाख 31 हजार 800 में खरीदा गया। आम आदमी पार्टी ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित मांग पत्र के जरिए इस पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही चंपत राय सहित मामले से जुड़े तमाम लोगों को तत्काल गिरफ्तार करने तथा साल 2020 से 2024 तक ट्रस्ट में प्रधानमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर काम करने वाले नौकरशाह ज्ञानेश कुमार की भूमिका की भी जांच कराने की मांग उठाई गई है। इस भिक्षाटन और विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता दद्दा, जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार सविता, शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष संदीप तिवारी, बांदा सदर विधानसभा अध्यक्ष विवेक कुमार बाजपेई, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, तिंदवारी विधानसभा उपाध्यक्ष ठाकुर शिवाकांत सेन, सुंदरम सिंह, बच्चा तिवारी, राजू सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment