बांदा के रेयांश ने बैडमिंटन में फिर लहराया परचम - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, June 21, 2026

बांदा के रेयांश ने बैडमिंटन में फिर लहराया परचम

बांदा, के एस दुबे । जिले के उभरते हुए बैडमिंटन सनसनी रेयांश त्रिपाठी ने एक बार फिर अपनी अद्भुत प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले और अपने क्लब का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। उरई में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता के एक बेहद रोमांचक और सांस रोक देने वाले फाइनल मुकाबले में रेयांश ने शानदार जीत दर्ज कर बॉयज अंडर-11 का खिताब अपने नाम कर लिया है। स्थानीय हार्पर क्लब बैडमिंटन एकेडमी में कड़ा प्रशिक्षण ले रहे रेयांश त्रिपाठी का फाइनल मुकाबला 20 जून 2026 को झांसी के मजबूत प्रतिद्वंदी सुफियान से हुआ। पूरे मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। रेयांश ने अपने बेहतरीन कोर्ट कवरेज, चपलता और आक्रामक शॉट्स के दम पर सूझबूझ का परिचय दिया और सुफियान को 15-9, 13-15, 15-11 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। रेयांश त्रिपाठी की यह सफलता कोई इत्तेफाक नहीं है, बल्कि उनके बढ़ते कदम की एक


बानगी है। इससे पहले वर्ष 2025 में भी उन्होंने जनपद चित्रकूट और महोबा में आयोजित प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-11 का खिताब जीता था। इस वर्ष भी अपनी खिताबी जीत को कायम रखकर उन्होंने साबित कर दिया कि वे इस कैटेगरी के बेताज़ बादशाह हैं। रेयांश की इस शानदार सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उनके मुख्य कोच मोहम्मद अनवर अली ने कहा कि रेयांश त्रिपाठी एक बेहद प्रतिभाशाली और अनुशासित खिलाड़ी है। यह खिताबी जीत उसकी दिन-रात की कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का ही नतीजा है। हमें पूरा विश्वास है कि वह आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी बांदा और देश का नाम रोशन करेगा। इसके साथ ही कोच अनवर अली ने एकेडमी के अन्य प्रतिभावान खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान अंडर-11 में जुनैद, शिवराज, अंडर-13 में अक्षत, शौर्य और अंडर-15 में श्रेया व शौरीष का प्रदर्शन भी बेहद सराहनीय और प्रेरणादायक रहा। रेयांश त्रिपाठी की इस बड़ी उपलब्धि पर हार्पर क्लब के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। हार्पर क्लब के सचिव मनीष श्रीवास्तव, सीरजध्वज सिंह, क्रीड़ा सचिव  रामेंद्र शर्मा, समाजसेवी सुनील सक्सेना एवं समस्त कार्यकारिणी ने रेयांश त्रिपाठी और उनके कोच मोहम्मद अनवर अली को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages