बांदा, के एस दुबे । जनपद के मटौंध थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मटौंध-गौरीहार मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों दोस्त परिवार में हुई शादी का बचा हुआ सामान वापस कर बाइक से घर लौट रहे थे। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बीती 24 जून को परिवार में बुआ की बेटी का विवाह संपन्न हुआ था। शादी का कार्यक्रम शांतिपूर्वक निपट जाने के बाद घर में बचे हुए कुछ सामान को वापस करने के लिए ग्राम हिनौती (थाना गौरीहार, जिला छतरपुर, मप्र) निवासी प्रदीप अहिरवार (25 वर्ष) अपने रिश्तेदार व दोस्त रमेश यादव (40 वर्ष, निवासी आलमपुर)
के साथ मटौंध कस्बा गए हुए थे। दोनों दोस्त दुकान पर सामान वापस करने के बाद बाइक से वापस अपने गांव आलमपुर की ओर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही उनकी बाइक मटौंध-गौरीहार रोड पर आलमपुर मार्ग की पुलिया के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और प्रदीप व रमेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जिस घर में दो दिन पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं और शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक दो मौतों की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर मटौंध थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर उनके परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


No comments:
Post a Comment