भैंस लड़ने पर महिला को लाठी से पीटा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 27, 2026

भैंस लड़ने पर महिला को लाठी से पीटा

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप, डीएम से गुहार

बांदा, के एस दुबे । जनपद के गिरवां थाना क्षेत्र के प्रेमपुर केसरूवा गांव में एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां भैंसों के आपस में लड़ने जैसी मामूली बात पर एक दबंग ने महिला को लाठी से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। पीड़िता का सिर फट गया है और हाथ टूट गया है। गिरवां थाना पुलिस और जिला अस्पताल द्वारा सुनवाई न होने पर पीड़िता ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता सुनैना पत्नी रामजी के अनुसार, यह घटना 22 जून 2026 को दोपहर करीब 3रू30 बजे की है। उसकी भैंस अचानक खूंटे से छूटकर गांव के ही सीताशरण पुत्र रामबिहारी राजपूत की भैंस से लड़ गई। सुनैना जब अपनी भैंस को हटाने और बांधने पहुंची, तभी आरोपी सीताशरण हाथ में लाठी लेकर आया और उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।आरोप है


कि लाठी लगने से महिला का सिर फट गया और हाथ की हड्डी टूट गई। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसे पैर पकड़कर घसीटा और जातिसूचक व भद्दी गालियां दीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब उसका पति रामजी और बेटा रमाकांत मौके पर दौड़े, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला।  घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में पीड़िता गिरवां थाने पहुंची, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन थाने में उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। आरोप है कि जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने गंभीर चोटें होने के बावजूद समुचित इलाज नहीं किया और कई बार चक्कर कटवाने के बाद भी मेडिकल परीक्षण नहीं किया। अंत में मजबूर होकर पीड़िता को एक निजी अस्पताल में अपना इलाज कराना पड़ा।

हम गरीब परिवार से हैं। पुलिस अधीक्षक से भी गुहार लगाई, लेकिन गिरवां पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। अब जिलाधिकारी से न्याय की उम्मीद है कि हमारा मेडिकल कराया जाए और आरोपी को जेल भेजा जाए। कलेक्ट्रेट पहुंची पीड़िता ने जिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, गिरवां थाने में उचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जिला प्रशासन की ओर से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages