बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित होने वाली प्रवक्ता राजकीय इण्टर कॉलेज परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी मायाशंकर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई, जिसमें परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में मौजूद लोक सेवा आयोग की उप सचिव श्रीमती पूनम निगम ने बताया कि यह लिखित परीक्षा आगामी 14 जून को सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। जनपद बाँदा में इसके लिए कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ लगभग 4275 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। अपर जिलाधिकारी मायाशंकर ने सभी सेक्टर और स्टैटिक
मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया है कि वे परीक्षा से पहले अपने-अपने आवंटित केंद्रों का भौतिक भ्रमण कर लें। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पंखे, फर्नीचर और छाया की उचित व्यवस्था हो।शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।सभी सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील होने चाहिए।इसके साथ ही प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और परिवहन के लिए स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो कड़ी सुरक्षा के बीच पेपर को केंद्रों तक पहुँचाएंगे। केंद्रों पर कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम भी बनाए जा रहे हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य कोषाधिकारी विनोद कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित सभी केंद्रों के व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment