कानपुर, प्रदीप शर्मा - छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 3 जुलाई से होने जा रही है। विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक्स कार्यालय द्वारा जारी आदेश में सभी स्कूलों, विभागों और संस्थानों के निदेशकों, विभागाध्यक्षों और प्रभारियों को कक्षाएं शुरू करने की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय की डीन एकेडमिक प्रो. ब्रष्टि मित्रा के आदेश के अनुसार विश्वविद्यालय का 41वां दीक्षांत समारोह 9 जुलाई 2026 प्रस्तावित है। जिसको ध्यान में रखते हुए नए सत्र की शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू रूप से शुरू करने की योजना बनाई गई है। प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी छात्रों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम 3 जुलाई से 7 जुलाई 2026 के बीच सभी स्कूलों में आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक स्कूल और विभाग के लिए अलग-अलग तिथियां तय की गई हैं। जारी शेड्यूल के अनुसार 3 जुलाई को स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट-बीबीए, स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट, स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज-बीफार्म, अटल बिहारी
वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज-बीएएलएलबी व बीबीएएलएलबी और स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स के फाइन आर्ट्स विभाग में ओरिएंटेशन होगा। वही 4 जुलाई को एमबीए, आर्ट्स ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज, हेल्थ साइंसेज, एमफार्म व डिप्लोमा, एलएलबी-एलएलएम और म्यूजिक विभाग के छात्रों का ओरिएंटेशन प्रस्तावित है। 6 जुलाई को बीकॉम, बीटेक, एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंस एंड टेक्नोलॉजी, टीचर एजुकेशन-एजुकेशन विभाग और लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी में कार्यक्रम होंगे। वहीं 7 जुलाई को बीसीए-एमसीए, डिजाइन, लैंग्वेजेज, फिजिकल एजुकेशन, लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी और जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन विभाग में नवप्रवेशियों का स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही आदेश में सभी स्कूलों और विभागों से कहा गया है कि वे आगामी सेमेस्टर का क्लास टाइमटेबल तैयार कर शीघ्र डीन एकेडमिक्स कार्यालय में जमा करें। विश्वविद्यालय का जोर है कि शैक्षणिक गतिविधियों की समय पर योजना और क्रियान्वयन हो, ताकि सत्र 2026-27 बिना किसी बाधा के शुरू हो सके। वही डीन एकेडमिक्स ने यह भी कहा कि दीक्षांत समारोह और नए सत्र की शुरुआत दोनों ही विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण आयोजन हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। नवप्रवेशी छात्रों को बेहतर माहौल देने के लिए ओरिएंटेशन में विश्वविद्यालय की सुविधाओं, नियमों और शैक्षणिक ढांचे की पूरी जानकारी दी जाएगी।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ दिवाकर अवस्थी ने बताया कि जिन पाठ्यक्रमों में छात्र अनिवार्य इंटर्नशिप, इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग, फील्डवर्क या अन्य गतिविधियों में व्यस्त हैं, उनमें कक्षाएं बाद की तिथि से शुरू की जा सकती हैं। ऐसे कार्यक्रमों की जानकारी और कक्षाएं शुरू होने की प्रस्तावित तिथि संबंधित विभागों को जल्द से जल्द डीन एकेडमिक्स कार्यालय को भेजनी होगी।


No comments:
Post a Comment