बांदा, के एस दुबे । ज्योतिर्मठ के जगद्गुरु शंकराचार्य'स्वामिश्री:'अविमुक्तेश्वरानंद: सरस्वती ने बांदा जनपद निवासी एवं पूर्व छात्र नेता राहुल द्विवेदी को रामा गो धाम उत्तर प्रदेश का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा मथुरा में आयोजित गविष्टि यात्रा के दौरान एक विशेष कार्यक्रम में की गई। राहुल द्विवेदी बुन्देलखण्ड क्षेत्र की छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। छात्र जीवन से ही वे सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों से जुड़े रहे हैं। बांदा और चित्रकूट क्षेत्र में उनकी पहचान एक सक्रिय एवं स्वच्छ छवि के युवा नेता के रूप में रही है।
इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में भव्य, दिव्य एवं अभिनव रामा गो धाम की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी गोपाष्टमी तक सभी गो धामों का उद्घाटन किए जाने की योजना है। इन गो धामों में शुद्ध देसी वेद-लक्षणा गोमाता विराजमान होंगी जिससे क्षेत्रवासियों को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक लाभ प्राप्त होगा।
नवनियुक्त प्रदेश संयोजक राहुल द्विवेदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रयागराज माघ मेले के दौरान बटुकों के साथ हुए दुर्व्यवहार तथा सनातन धर्म के सर्वोच्च आचार्य जगद्गुरु शंकराचार्य 'स्वामिश्री:' अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के प्रति प्रदर्शित अनादर से वे अत्यंत आहत हुए थे। इसी कारण वे शंकराचार्य जी के सान्निध्य में आकर धर्म एवं गो संरक्षण के कार्यों से जुड़ गए।राहुल द्विवेदी ने अपनी नियुक्ति पर जगद्गुरु शंकराचार्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "रामा गो धाम उत्तर प्रदेश का प्रदेश संयोजक बनाकर पूज्य शंकराचार्य जी ने केवल मेरा ही नहीं, बल्कि समूचे बांदा जनपद और बुंदेलखंड क्षेत्र का सम्मान बढ़ाया है। यह दायित्व मेरे लिए गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं गो संरक्षण, सनातन संस्कृति के संवर्धन और रामा गो धाम की परिकल्पना को प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करूंगा।" राहुल द्विवेदी को प्रदेश संयोजक पद पर नियुक्ति पर संकटा प्रसाद त्रिपाठी, जयराम सिंह बछेउरा, प्रद्युम्न द्विवेदी ‘लालू’, शेखर शर्मा, विदित त्रिपाठी, अधिवक्ता अशोक दीक्षित, अनिल तिवारी, प्रेम पांडेय, अरुण चौरिहा, विनोद दीक्षित सहित जनपद के अनेक गणमान्य नागरिकों व गो भक्तों एवं गो सेवकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


No comments:
Post a Comment