बांदा, के एस दुबे । थाना बदौसा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपनी ही पुत्री पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या करने वाले पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को थाना बदौसा में सूचना प्राप्त हुई थी कि लगभग 19 वर्षीय युवती को उसका परिचित पड़ोसी युवक अपने साथ ले गया है। इस संबंध में थाना बदौसा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
शुक्रवार को पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया और नियमानुसार उसके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, काउंसलिंग और बातचीत के दौरान युवती के पिता सत्य कुमार चौहान ने धारदार हथियार से अपनी पुत्री के पेट पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतका की मां की तहरीर पर थाना बदौसा में आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सत्य कुमार चौहान निवासी बरछा ब, थाना बदौसा, जनपद बांदा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया। वही पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मु.अ.सं. 103/26, धारा 101 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


No comments:
Post a Comment