पुलिस लाइन में दिवंगत आरक्षी अनुराग सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, June 29, 2026

पुलिस लाइन में दिवंगत आरक्षी अनुराग सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

बांदा, के एस दुबे । पुलिस परिवार के लिए रविवार का दिन एक बेहद दुखद खबर लेकर आया। जनपद के चिल्ला थाने में तैनात जांबाज आरक्षी  अनुराग सिंह भदौरिया की यमुना नदी में नहाने के दौरान डूबने से असामयिक और दर्दनाक मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे पुलिस महकमे और उनके गृह जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद घड़ी में पुलिस लाइन बांदा में एक विशेष शोक सभा का आयोजन कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मूल रूप से जनपद कानपुर नगर के रहने वाले आरक्षी अनुराग सिंह भदौरिया वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बने थे। उन्होंने बांदा जनपद से ही पुलिस सेवा में कदम रखा था और


भर्ती होने के बाद से लगातार इसी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वर्तमान में उनकी तैनाती थाना चिल्ला में थी। रविवार को यमुना नदी में नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गए, जिससे उनका दुखद निधन हो गया। रविवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित शोक सभा का माहौल बेहद गमगीन रहा। पुलिस परिवार के साथियों, साथी जवानों और वरिष्ठ अधिकारियों ने दिवंगत आरक्षी अनुराग सिंह भदौरिया के चित्र पर पुष्प चक्र और रीथ अर्पित कर उन्हें सलामी दी। 

विभाग के आला अधिकारियों और साथी पुलिसकर्मियों ने मृतक आरक्षी के परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की और उन्हें ढांढस बंधाया। पुलिस प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया गया कि संकट और दुख की इस घड़ी में पूरा उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव शासकीय व व्यक्तिगत मदद पहुंचाई जाएगी।शोक सभा के अंत में वहां उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा दिवंगत साथी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages