महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार और मालखाने की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा
बांदा, के एस दुबे । जनपद में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और थानों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने थाना मटौंध का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न पटलों का गहन अवलोकन करते हुए अभिलेखों के रख-रखाव को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए संचालित मिशन शक्ति केंद्र तथा महिला हेल्प डेस्क का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने तैनात महिला पुलिसकर्मियों को आने वाली पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और उन पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष और विभिन्न
महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों की जांच की,मालखाना, शस्त्रागार , पुलिस बैरक और पुलिस मेस का जायजा लिया। थाना परिसर की साफ-सफाई को देखा और पाई गई कमियों को जल्द से जल्द दूर करने के लिए संबंधित को निर्देशित किया। अभिलेखों को अपडेट रखने और जनसुनवाई सुधारने की हिदायत जनता की शिकायतों का समय से निस्तारण हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। जनसुनवाई की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एएसपी ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों का समुचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए और उन्हें नियमित रूप से अपडेट रखा जाए। उन्होंने थाने में लंबित चल रहे मामलों और विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के आदेश दिए, ताकि पीड़ितों को समय से न्याय मिल सके। निरीक्षण के समापन पर अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने थाने के सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के साथ संवाद किया। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि वे ड्यूटी के दौरान आम जनता के प्रति पूरी तरह संवेदनशील, विनम्र और तत्पर रहकर कार्य करें, जिससे पुलिस और जनता के बीच का विश्वास और मजबूत हो सके।


No comments:
Post a Comment