संगठन की मजबूती का दिया मंत्र
फतेहपुर, मो शमशाद । भारतीय जनता पार्टी के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने शुक्रवार को प्रवास के दौरान संगठन को एकजुटता और सम्मान का मजबूत संदेश दिया। उन्होंने जनपद के वरिष्ठ भाजपा नेताओं का उनके आवास पहुंचकर सम्मान किया और कहा कि संगठन की आज की मजबूती वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के वर्षों के संघर्ष, समर्पण और तपस्या का परिणाम है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही भाजपा निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है।
![]() |
| पूर्व मंत्री को सम्मानित करते क्षेत्रीय अध्यक्ष। |
क्षेत्रीय अध्यक्ष सबसे पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राधेश्याम गुप्ता के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा भी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. देवाशीष पटेल, डॉ. शिवप्रसाद त्रिपाठी को भी सम्मानित करते हुए संगठन के प्रति उनके दीर्घकालिक योगदान की सराहना की। रामकिशोर साहू ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली में वरिष्ठ नेताओं का सम्मान सर्वाेच्च प्राथमिकता है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके संघर्ष, अनुशासन और संगठन निर्माण की भावना से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता का विश्वास जीतने की सबसे बड़ी ताकत है और इसी उद्देश्य के साथ सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित भाव से कार्य करना होगा। इस दौरान उन्होंने जिला पदाधिकारी पुष्पराज पटेल, कुलदीप भदौरिया सहित अनेक कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। क्षेत्रीय अध्यक्ष के सम्मान कार्यक्रम और संगठनात्मक संवाद ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया। पूरे दिन चले इस कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता, अनुशासन और वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मान का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।


No comments:
Post a Comment