पुलिस ने फर्जी दस्तावेज से दो पासपोर्ट बनवाने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, July 17, 2026

पुलिस ने फर्जी दस्तावेज से दो पासपोर्ट बनवाने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

बबेरू/बांदा, के एस दुबे । बबेरू कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए फर्जी और कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर दो अलग-अलग भारतीय पासपोर्ट बनवाने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शासन और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को गुमराह कर यह कृत्य किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बांदा पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशानुसार जनपद में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ (विदेश मंत्रालय, भारत सरकार) ने बांदा पुलिस को एक संदर्भ पत्र भेजा था। इसमें जिब्राइल पुत्र कल्लू खान, निवासी ग्राम बगेहटा, थाना बबेरू द्वारा एक से अधिक पासपोर्ट बनवाए जाने की शिकायत की गई थी और जांच कर विधिक कार्रवाई का अनुरोध किया गया था।


बबेरू कोतवाली पुलिस ने जब इस मामले की गहन जांच की, तो पाया गया कि आरोपी जिब्राइल ने फर्जी और भ्रामक दस्तावेजों का सहारा लेकर दो अलग-अलग पासपोर्ट हासिल किए थे। उसने पूर्व में जारी पासपोर्ट की जानकारी को छुपाकर 'फ्रेश श्रेणी' में नया आवेदन प्रस्तुत किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का यह कृत्य शासन, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और संबंधित विभागों को गुमराह कर धोखाधड़ी करने की श्रेणी में आता है। बबेरू कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी जिब्राइल को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में उप निरीक्षक रमेश कुमार, कांस्टेबल विमल सिंह और कांस्टेबल आदित्य अवस्थी शामिल रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages