बांदा, के एस दुबे । जसपुरा विकासखंड के ग्राम पंचायत नर्जिता में एक मोहल्ले में सड़क की जर्जर स्थिति और नाली व्यवस्था के अभाव से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान गांव की नाली का पानी सड़क पर भर जाता है, जिससे पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है और आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रास्ते से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं सहित सभी ग्रामीणों का रोजाना आना-जाना होता है। कीचड़ और जलभराव के कारण फिसलने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि मोहल्ले में भले ही केवल 3–4 घर हों, लेकिन वे भी गांव के स्थायी निवासी हैं और उन्हें भी अन्य लोगों की तरह सड़क और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलने का अधिकार है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से मांग की है कि मोहल्ले में नाली की समुचित व्यवस्था कराई जाए तथा सड़क का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। जब इस संबंध में ग्राम प्रधान शिव दर्शन प्रजापति से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि ना तो हमारे सचिव सुनता और ना ही खंड विकास अधिकारी अपनी समस्या हम किन से बताएं कई बार इस रास्ते के संबंध में प्रस्ताव भी दिया लेकिन आज तक कोई आधिकारिक इसका ध्यान नहीं दिया अब ग्रामीण लोगों को बरसात में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।


No comments:
Post a Comment