चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने शुक्रवार को अटल पार्क (कोठी तालाब) का स्थलीय निरीक्षण कर जनसुविधाओं, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पार्क को नागरिक हितैषी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। डीएम ने पार्क की बाउंड्री वॉल को मानकों के अनुरूप ऊंचा कर उस पर आकर्षक ग्रिल स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रिल और एक्सपोज वॉल का निर्माण इस प्रकार हो कि उसमें भारतीय संस्कृति और पौराणिक दृश्यों की झलक दिखे। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को पार्क की रिक्त भूमि पर व्यापक पौधरोपण कराने और नागरिकों के लिए ओपन जिम की स्थापना के निर्देश दिए गए। साथ ही सार्वजनिक शौचालय में जलापूर्ति सुचारु रखने और नियमित सफाई-रखरखाव के लिए कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पार्क में स्थापित वाटर कूलर/फ्रीजर के आसपास जलभराव रोकने के लिए सोख्ता का निर्माण कराने व पार्क में स्थापित चार्जिंग प्वाइंटों की मरम्मत कर उन्हें शीघ्र क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। झूला क्षेत्र में जलभराव मिलने पर डीएम ने रबर मैटिंग बिछाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रस्ताव और टेंडर शीघ्र तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा जाए, ताकि मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो और बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके। सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी वायरिंग भूमिगत कराने के निर्देश दिए गए, ताकि बंदरों या अन्य कारणों से क्षति न हो। कैमरों को सुरक्षा जाली से संरक्षित करने और आगंतुकों के लिए सुरक्षा गार्ड की तैनाती के आदेश दिए। मालियों के लिए घास काटने की मशीन, कैंची और अन्य उद्यान उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पौधरोपण के लिए गौशालाओं से जैविक खाद मंगाने, गजीबो की पेंटिंग कराने और स्वच्छ सर्वेक्षण के दृष्टिगत आरआरसी के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, एडीएम (न्यायिक) अरुण यादव, ईओ लालजी यादव, सफाई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ल सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment