एक दिन बाद एसपी के आदेश के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
बांदा, के एस दुबे । शहर कोतवाली क्षेत्र के हरदौली घाट रोड, बबेरू शहर निवासी एक महिला ने अपने ही बेटे और पड़ोसन पर मारपीट, गाली-गलौज और घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता श्रीमती पिम्मा पत्नी रामनारायण उर्फ लखना निषाद के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की शाम वह अपने घर के बगल स्थित प्लॉट में मौजूद थीं। आरोप है कि पड़ोस की रहने वाली संतोषी और पीड़िता का बेटा योगेंद्र उर्फ बाबू वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट
शुरू कर दी। जान बचाकर वह घर के अंदर चली गईं, लेकिन आरोप है कि दोनों घर में घुस आए और उन्हें घसीटकर फिर से पीटा। महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान बेटे ने डंडे से हमला किया, जिससे उनका बायां कान फट गया और पैर में भी चोट आई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उनका बेटा पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट कर चुका है तथा जमीन बेचकर पैसे देने का दबाव बनाता है। तहरीर में उन्होंने आशंका जताई है कि यदि उनके या उनके पति के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी उनके बेटे और आरोपी महिला की होगी। पीड़िता ने कोतवाली नगर पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने कार्यवाही नहीं की तो शनिवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई थी एसपी के हस्तक्षेप के बाद मुकदमा दर्ज हुआ।


No comments:
Post a Comment