बांदा, के एस दुबे । भिंडौरा गांव में ग्राम विकास फाउंडेशन के तत्वावधान में ग्राम पंचायत भिंडौरा में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं संस्था के प्रतिनिधियों के समक्ष रखीं। शिविर में विधवा (बेवा) महिलाओं, वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों से संबंधित राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, दिव्यांग सहायता उपकरण तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उनके आवश्यक दस्तावेज एकत्र किए गए, ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
कार्यक्रम में करीब 100 ग्रामीणों की उपस्थिति रही। ग्राम विकास फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पात्र लोगों की समस्याओं का संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि ग्राम विकास फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विभिन्न ग्राम पंचायतों में ऐसे जनसेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।


No comments:
Post a Comment