नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के प्रयास के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 26, 2026

नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के प्रयास के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद

एसओजी और सर्विलांस टीम को मिली बड़ी सफलता

बांदा, के एस दुबे । जनपद में नाबालिग बालिका के साथ हुए अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे दो शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने रविवार को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा और घटना में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा बरामद कर लिया है।सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टाक ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 24 जुलाई को थाना मरका क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग बालिका अपने घर से नाराज


होकर ननिहाल जाने के लिए निकली थी। देर रात जब वह बांदा रेलवे स्टेशन/बस स्टैंड के समीप पहुंची, तो नरैनी जाने के लिए उसने एक ई-रिक्शा लिया। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक नरेश कुमार ने अपने साथी एजाज के साथ मिलकर रास्ते में बालिका का अपहरण कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बालिका को छोड़कर फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक  पलाश बंसल के निर्देशन में कोतवाली नगर, थाना मरका, एसओजी  और सर्विलांस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ई-रिक्शा के सत्यापन के जरिए पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर ली थी। रविवार को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि दोनों आरोपी गंछा रोड के पास मौजूद हैं। संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को घेर लिया और आत्मसमर्पण करने को कहा। हालांकि, खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी एजाज के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद उसे और उसके साथी नरेश कुमार को दबोच लिया गया। इस मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल मो. यूनुस और कांस्टेबल इन्द्रपाल सिंह भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा,02 जिंदा कारतूस एवं 03 खोखा  कारतूस,घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त एजाज का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपियों के खिलाफ थाना मरका में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 70(2) तथा पॉक्सो  एक्ट की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा पुलिस पर जानलेवा हमला करने के संबंध में थाना कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह थाना कोतवाली नगर, थानाध्यक्ष सुबेदार बिन्द थाना मरका, एसओजी प्रभारी आनन्द कुमार, सर्विलांस प्रभारी राजेश मौर्य, चौकी प्रभारी विश्वविद्यालय दीपक कुमार सैनी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सोनी प्रभारी जेल चौकी, चौकी प्रभारी अतर्रा चुंगी उत्कर्ष सिंह, हेड कांस्टेबल अश्वनी प्रताप सिंह, कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल इन्द्रपाल सिंह, कांस्टेबल मो. यूनुस, कांस्टेबल प्रतीक, कांस्टेबल मनीष मिश्रा, कांस्टेबल अमित त्रिपाठी, कांस्टेबल रिषभ सिंह, कांस्टेबल विनोद यादव, कांस्टेबल विनय कुमार, आरक्षी चालक शशिराज एवं आरक्षी चालक अमित पाल शामिल रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages