चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल ने मंगलवार को राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां उन्होंने किशोरों से संवाद कर उनकी समस्याएं पूछीं और उन्हें अनुशासन बनाए रखते हुए आपसी सौहार्द के साथ रहने की सीख दी। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने किशोरों से भोजन और नाश्ते की गुणवत्ता की जानकारी ली। इस पर किशोरों ने बताया कि उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया जा रहा है तथा किसी प्रकार की शिकायत नहीं है। सीडीओ ने संस्था प्रभारी को निर्देश दिए कि किशोरों की रुचि को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके
बाद शिक्षण एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने निर्देश दिए कि प्रत्येक किशोर की व्यक्तिगत मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर पढ़ाई कराई जाए। उन्होंने कला, कंप्यूटर, योग, संगीत, खेलकूद एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण नियमित रूप से संचालित करने और किशोरों को व्यवहारिक एवं ज्ञानवर्धक शिक्षा देने पर बल दिया। सीडीओ ने संस्था परिसर के बाहर बंद नालियां और फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए नगर पालिका से समन्वय कर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सकों की टीम नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण करती है। सीडीओ ने निर्देश दिए कि आवश्यक दवाएं हमेशा उपलब्ध रहें और किसी भी किशोर के बीमार होने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी 20 सीसीटीवी कैमरों को हर समय चालू रखने तथा उनकी नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संस्था में रह रहे किशोरों को 15 अगस्त के अवसर पर भाषण, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा प्रशिक्षकों को तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संस्था में अन्य किसी प्रकार की समस्या सामने नहीं आई। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता, संस्था प्रभारी वीर सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment