परिजनों ने किया आभार प्रकट
बाँदा, के एस दुबे । थाना मानव तस्करी रोधी पुलिस चाइल्ड हेल्पलाइन व अन्य संयुक्त टीम द्वारा गुम/भटके हुए 10 वर्षीय बच्ची के परिजनों को पता लगाकर सकुशल बच्ची को उसकी मां को सुपुर्द किया गया है । गौरतलब है कि दिनांक 18.जुलाई को एक व्यक्ति द्वारा 112 पर सूचना दी गई कि एक नाबालिग बच्ची बांदा रेलवे स्टेशन के पास भटक रही है । सूचना पर 112 पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर बालिका को सकुशल अपने संरक्षण में लिया गया । बच्ची की सुरक्षा एवं देखभाल को प्राथमिकता देते हुए उसे तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन सेंटर भेजा गया । इसके पश्चात चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीमों द्वारा बच्ची के परिजनों की तलाश लगातार की जाती रही । बच्ची
की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसकी फोटो एवं आवश्यक जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन के विभिन्न समूहों में साझा की गई तथा अन्य माध्यमों से भी लगातार प्रयास किए गए । संयुक्त टीम के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप बच्ची की पहचान लक्ष्मी एवं लम्बू निवासी छीपी टोला थाना रकाबगंज जनपद आगरा की पुत्री के रूप में हुई । परिजनों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक सत्यापन के उपरांत बच्ची को सकुशल उसकी मां लक्ष्मी के सुपुर्द कर दिया गया । परिजनों द्वारा बताया गया कि उनकी बच्ची दिनांक 17.जुलाई आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन में बैठ गई थी । ट्रेन चलने के बाद वह समय पर उतर नहीं सकी और भटकते हुए बांदा रेलवे स्टेशन पहुंच गई । अपनी बच्ची को सकुशल पाकर मां एवं परिजनों की आंखें खुशी से नम हो गईं तथा उन्होंने पुलिस टीम, चाइल्ड हेल्पलाइन सहित संबंधित सभी विभागों का हृदय से आभार व्यक्त किया ।


No comments:
Post a Comment