जिला मुख्यालय स्थित राणन तालाब का निरीक्षण कर डीएम ने लिया विकास कार्यों का जायजा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, August 6, 2026

जिला मुख्यालय स्थित राणन तालाब का निरीक्षण कर डीएम ने लिया विकास कार्यों का जायजा

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : शहर के ऐतिहासिक राणन तालाब का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है। अमृत सरोवर 2.0 योजना के अंतर्गत नगर विकास योजना से कराए जा रहे तालाब के कायाकल्प कार्य का गुरुवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को शेष कार्य निर्धारित समय में पूरा कर जल्द हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यूपीपीसीएल इकाई-13, बांदा द्वारा 1.93 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना संचालित की जा रही है। जनवरी 2024 में शुरू हुई इस योजना में अब तक 95.63 लाख रुपये की


धनराशि जारी की जा चुकी है, जिसका शत-प्रतिशत उपयोग हो चुका है। वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 49 प्रतिशत है, जबकि शेष कार्यों के लिए अतिरिक्त धनराशि शासन से मांगी गई है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तालाब की साफ-सफाई, खुदाई, घाट निर्माण, इनलेट-आउटलेट, ड्रेनेज, ट्रैक निर्माण और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गुणवत्ता के साथ सभी अवशेष कार्य शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। परियोजना के तहत राणन तालाब में घाट, बाउंड्री एवं ग्रीन फेंसिंग, प्रवेश द्वार, इंटरलॉकिंग मार्ग, विजिटर शेड, बच्चों के खेल उपकरण, ओपन जिम, पेयजल व्यवस्था, सोलर हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट, स्टोन पिचिंग, हॉर्टिकल्चर, साइनेज और बैठने की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। डीएम ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद राणन तालाब जल संरक्षण के साथ-साथ शहरवासियों के लिए आधुनिक सार्वजनिक स्थल और आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages