शराब ठेके के सामने वर्चस्व की जंग में बरसी गोलियां, युवक की मौत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, August 30, 2026

शराब ठेके के सामने वर्चस्व की जंग में बरसी गोलियां, युवक की मौत

कहासुनी के बाद आमने-सामने आए दो पक्ष, लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग का आरोप

गोली लगते ही मची भगदड़, हायर सेंटर ले जाते समय तोड़ा दम

एसपी ने फरार मुख्य आरोपितों पर घोषित किया पच्चीस-पच्चीस हजार का ईनाम

फतेहपुर, मो शमशाद । शराब ठेके के सामने वर्चस्व की टशन में शुरू हुई कहासुनी ने देर रात एक परिवार की खुशियां छीन लीं। असनी गांव में शराब ठेके के सामने पहले शब्दों के तीर चले और देखते ही देखते गोलियां तड़तड़ा उठीं। फायरिंग में गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। परिजन उसे बचाने के लिए हायर सेंटर लेकर दौड़े, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसों की डोर टूट गई। मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई।

घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक। 

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में देशी शराब ठेके के सामने मनीष दुबे के बेटे वैभव और ठेके के सेल्समैन पक्ष के युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। मामला इतना बढ़ा कि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी गई। गोली मनीष दुबे को जा लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल मनीष को तत्काल इलाज के लिए हायर सेंटर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शराब ठेके के सेल्समैन गोवर्धन निषाद समेत सात लोगांे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उधर घटनास्थल का एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने निरीक्षण किया। उन्होने फरार मुख्य आरोपित अमन सिंह और इन्द्रेष विक्रम उर्फ मन्नू सिंह पर पच्चीस-पच्चीस हजार रूपए का ईनाम भी घोषित कर दिया है। साथ ही दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों का गठन कर दिया। इसके अलावा अभियुक्तों को शरण देने वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। 

शव रखकर लगाया जाम, कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन

फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में देशी शराब ठेके के सामने वर्चस्व को लेकर हुए विवाद में मनीष दुबे की गोली मारकर हत्या के बाद परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर लखनऊ-फतेहपुर हाईवे जाम कर दिया। परिजन आरोपियों के खिलाफ

लखनऊ-फतेहपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगाए परिजन।

बुलडोजर एक्शन और एनकाउंटर की मांग पर अड़े रहे। हाईवे जाम होने से यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस-प्रशासन की टीमें परिजनों को समझाने में जुटी रहीं।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages