लोजपा से औपचारिक विदाई लेकर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी में शामिल हुए वरिष्ठ नेता
बनाए गए प्रदेश प्रधान महासचिव, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का लिया संकल्प
फतेहपुर, मो शमशाद । जिले की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय और अपने संघर्षशील तेवरों के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ नेता अशरफ खान ने राजनीतिक जीवन में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव तय किया है। करीब 24 वर्षों तक लोक जनशक्ति पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने के बाद उन्होंने पार्टी के सभी पदों और आजीवन सदस्यता से औपचारिक रूप से त्यागपत्र देकर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी का दामन थाम लिया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और सक्रियता को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रधान महासचिव मनोनीत किया है।
![]() |
| नवमनोनीत प्रदेश प्रधान महासचिव अशरफ खान। |
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अशरफ खान ने स्पष्ट किया कि उनका राजनीतिक उद्देश्य किसी पद या चुनावी टिकट की लालसा नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष करना है। उन्होंने कहा कि राजनीति में उन्होंने हमेशा एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम किया है और जिस संगठन में रहे, उसकी नीतियों और विचारधारा के प्रति पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई है। अशरफ खान ने कहा कि उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सभी पदों एवं आजीवन सदस्यता से औपचारिक त्यागपत्र दे दिया है। अब पूर्व पार्टी से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस, कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रिंस राज पासवान तथा उत्तर प्रदेश संयोजक शिवमोहन शिल्पकार की नीतियों, दिशा-निर्देशों और संगठनात्मक सोच से प्रभावित होकर उन्होंने नई पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने उन्हें प्रदेश प्रधान महासचिव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह इस दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ करेंगे तथा पार्टी संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले और प्रत्येक बूथ तक मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
नगर अध्यक्ष से प्रदेश के महत्वपूर्ण पदों तक का सफर
अशरफ खान ने अपने करीब ढाई दशक लंबे राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी में नगर अध्यक्ष से लेकर प्रदेश स्तर के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों तक जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने रामविलास पासवान और रामचंद्र पासवान के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया। उन्होंने कहा कि लंबे राजनीतिक अनुभव ने उन्हें यह सिखाया है कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। उनका स्पष्ट मानना है कि पार्टी को कार्यकर्ता चलाता है, पार्टी कार्यकर्ता को नहीं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए वह नई पार्टी में भी कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बनाकर काम करेंगे।
समर्पित कार्यकर्ता को मिलेगा सम्मान
प्रदेश प्रधान महासचिव बनाए जाने के बाद अशरफ खान ने संगठन में कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी भी स्तर पर भेदभाव की कोई जगह नहीं होगी। जो कार्यकर्ता जितना समर्पित और सक्रिय होगा, उसे उतना ही सम्मान और अवसर दिया जाएगा। बिना संगठन के लिए समर्पण और मेहनत किए किसी को केवल पद की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता ऐसी मजबूत टीम तैयार करना है, जिसमें जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान मिले और उनकी आवाज संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचे। उनका प्रयास रहेगा कि पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रदेश के गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना मेरा लक्ष्य
अशरफ खान ने कहा कि नई पार्टी में उनकी पहली और सबसे बड़ी प्राथमिकता प्रदेश से लेकर जिला, विधानसभा, ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार और मजबूती होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी को उत्तर प्रदेश में सक्रिय, सुदृढ़ और जनप्रिय संगठन के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस के हाथों को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही उनकी राजनीतिक प्राथमिकता है। वह व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर पार्टी हित और कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए काम करेंगे।
साथियों ने भी थामा नई पार्टी का दामन
अशरफ खान ने बताया कि उनके साथ कई पुराने साथी भी पूर्व पार्टी छोड़कर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने सभी साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नए राजनीतिक सफर में सभी मिलकर संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता के बल पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी को उत्तर प्रदेश में नई पहचान दिलाई जाएगी। अशरफ खान की नई जिम्मेदारी को उनके करीब ढाई दशक लंबे राजनीतिक अनुभव का सम्मान माना जा रहा है। फतेहपुर से प्रदेश की राजनीति तक सक्रिय पहचान बनाने वाले अशरफ खान अब नई पार्टी के संगठन विस्तार की जिम्मेदारी संभालेंगे। ऐसे में उनकी नई भूमिका आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की सियासत में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


No comments:
Post a Comment