गृहस्थी बर्बाद होने पर जीवन-यापन के पड़े लाले, मुआवजे की उठी मांग
फतेहपुर, मो शमशाद । जिले में पिछले चैबीस घंटे से हो रही लगातार बारिश ने ऐसा तांडव मचाया कि लगभग नौ कच्चे मकान धराशायी हो गए, जिससे घरों में रखी लकड़ी, बिस्तर, अनाज समेत पूरी गृहस्थी मलबे में दबकर बर्बाद हो गई। गृहस्थी बर्बाद होने से अब इन परिवारों को जीवन-यापन के लाले पड़ना तय है। पीड़ितों के साथ-साथ ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से जनहानि का मुआवजा दिलाए जाने की मांग उठाई है।
![]() |
| अलग-अलग स्थानों पर बारिश के दौरान गिरे कच्चे मकानों व जलभराव का दृश्य। |
अमौली ब्लॉक के बुढ़वा गांव में शनिवार रात जय कुमार द्विवेदी, रघुवेन्द्र सचान, सनीशियल सचान, जितेन्द्र सैनी, विजय कुमार के मकान बारिश की मार नहीं सह सके, जबकि एक अन्य कच्चा मकान भी धराशायी हो गया। गनीमत रही कि हादसों में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान गंवाने वाले परिवारों के सामने अब सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे के साथ आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई है। खागा तहसील क्षेत्र के धाता व विजयीपुर विकास खंड क्षेत्र में बारिश के चलते कच्चे और जर्जर मकानों के धराशायी होने का सिलसिला जारी है। धाता विकासखंड के कोट गांव निवासी मोहम्मद हनीफ का कच्चा मकान लगातार बारिश के चलते गिर गया। विजयीपुर विकास खंड के गाजीपुर गढ़ा गांव में जुल्फिकार का पुराना मकान बारिश की मार नहीं झेल सका और भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से प्रभावित परिवारों का अनाज, कपड़े, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान भी मलबे में दबकर खराब हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों का तत्काल सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और पात्र लोगों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। इसी तरह सदर तहसील क्षेत्र के तेलियानी विकास खंड के सेमरहटा गांव में श्रीपाल व भगवानदीन के कच्चे मकान बारिश के दौरान भरभराकर गिर गए। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के लोग मकान के अंदर नहीं थे और बड़ा हादसा टल गया। वहीं बाबूराम का कच्चा मकान भी पहले ही गिर चुका है। मकानों के गिरने से अब इन परिवारों के सामने सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है।
आवास योजना की पारदर्शिता पर उठे सवाल
कच्चे मकानों के लगातार गिरने की घटनाओं ने सरकारी आवास योजनाओं के लाभ को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पात्र परिवारों का समय से सर्वे कराकर उन्हें आवास योजना का लाभ मिल जाए तो बारिश के मौसम में मकान गिरने की घटनाओं से होने वाले जान-माल के खतरे को कम किया जा सकता है।
बारिश ने मचाई तबाही, ग्रामीणों के घरों में घुसा पानी
खागा, फतेहपुर। कस्बे सहित ऐरायाँ विकास खंड में बारिश ने तबाही मचा दी है। कस्बे के ब्राह्मण टोला, नई बाजार, गढ़ी में जलभराव से निकलना मुश्किल है। इसी तरह मदागंज मजरे मोहम्मदपुर गौती गाँव में सोमवार को भोर सुबह से साढ़े ग्यारह बजे तक लगातार बारिश होने से गाँव की गलियों से जल निकासी नहीं होने के कारण लोगों के घरों में पानी घुसने लगा है। एक तरफ़ मोबाईल फोन में लगातार बारिश के अलर्ट रुकने का नाम नहीं ले रहा तो वहीं दूसरी तरफ़ बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है, जिसमें कई ग्रामीणों के कच्चे घऱ होने से उनको बहुत डर लगा हुआ है कि कब अगली सांसे थम जाएँ कोई भरोसा नहीं। ग्रामीणों ने गाँव की गलियों और घरों में पानी घुसने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में खूब डाल रहें हैं। चेयरमैन गीता सिंह ने बताया कि नाला निर्माण से जलभराव की समस्या हो रही है।


No comments:
Post a Comment