दलहन उत्पादन बढ़ाने पर जोर
चित्रकूट, के एस दुबे : जिले में दलहन एवं मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को तहसील मानिकपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान मिशन फॉर आत्मनिर्भर इन पल्सेस एवं उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के तहत किसानों को निःशुल्क मिनी बीज किट वितरित किए गए। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता की उपस्थिति में विकासखंड मानिकपुर के विभिन्न गांवों के किसानों को अरहर, मूंग, ज्वार एवं बाजरा के बीज किट प्रदान किए। लाभार्थियों में देवकुमार, शत्रुघ्न, मिठाई लाल, रामलाल, कुंजल, प्रमोद कुमार, सेमरिया, चुन्नू तथा विनोदलाल सहित अन्य किसान शामिल रहे। जिलाधिकारी ने
किसानों से अपील की कि वे विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए गुणवत्तापूर्ण बीजों का समय पर खेतों में उपयोग करें, ताकि उत्पादन एवं आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि दलहन और मोटे अनाज की खेती किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उप कृषि निदेशक जीत लाल गुप्ता ने बताया कि जनपद में वर्ष 2025-26 के दौरान 17,245 हेक्टेयर क्षेत्रफल में अरहर की खेती हुई थी, जबकि चालू खरीफ सत्र में अब तक 27,685 हेक्टेयर क्षेत्र में अरहर की बुवाई हो चुकी है। चूंकि जिले में अरहर की बुवाई का कार्य 10 से 15 अगस्त तक जारी रहता है, इसलिए आगामी दिनों में रकबे में और बढ़ोतरी की संभावना है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर अधिक उत्पादन लेने तथा कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।


No comments:
Post a Comment