ट्रक में फंसा रहा शव, ग्रामीणों ने लगाया जाम
तिंदवारी /बांदा, के एस दुबे । विकासखंड तिंदवारी की ग्राम पंचायत माटा में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने 75 वर्षीय बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग का शव ट्रक में ही फंसा रह गया। मृतक की पहचान महेश सिंह (75 वर्ष) पुत्र जागेश्वर सिंह, निवासी ग्राम जैसाईपुर (थाना तिंदवारी) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर लगभग 12 बजे महेश अपने घर से खेत की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी संख्या
में ग्रामीण और पीड़ित परिजन एकत्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों ने काफी देर तक शव को ट्रक से बाहर नहीं निकालने दिया और आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई तथा तुरंत इंसाफ की मांग पर अड़े रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मुख्य मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों से हादसे होते रहते हैं। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने की मांग उठाई। सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही तिंदवारी थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों और परिजनों को ढांढस बंधाया और मांगों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद करीब 1 घंटे से लगा जाम समाप्त कराया जा सका। इसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को ट्रक से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बांदा जिला मुख्यालय भेज दिया।


No comments:
Post a Comment