बिजली के तार काटकर उड़ाते थे लाखों का माल, तीन शातिर गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, September 18, 2026

बिजली के तार काटकर उड़ाते थे लाखों का माल, तीन शातिर गिरफ्तार

पिकअप में लदा सात सौ किलो एल्युमीनियम तार, दो कार, कटर बरामद

फतेहपुर, मो शमशाद । कल्यानपुर पुलिस ने विद्युत लाइनों से तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप में लदा करीब सात सौ किलोग्राम एल्युमीनियम विद्युत तार, दो कार, तार काटने वाले दो कटर और खंभे पर चढ़ने वाली लोहे की चप्पल समेत मोबाइल फोन व नकदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरोह सुनसान इलाकों में विद्युत लाइनों की रेकी कर रात में पोलों पर चढ़कर तार काटता था और बाद में उसे कबाड़ियों के यहां बेचकर मुनाफा कमाता था।

पुलिस टीम की गिरफ्त में शातिर चोर।

पुलिस के अनुसार बीती तेरह सितंबर को विद्युत उपकेंद्र बिंदकी रोड द्वितीय के अवर अभियंता सुंदरम सिंह यादव ने कल्यानपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि ग्राम गंगौली के बाहर निर्माणाधीन 11 केवी लाइन और महरहा-बिंदकी मार्ग से जुड़ी 33 केवी लाइन के तार चोरों ने काटकर पार कर दिए। चोरों ने करीब 17 पोलों की 11 केवी लाइन और 13 पोलों की 33 केवी लाइन के तार काटे थे। इस दौरान तीन पोल भी क्षतिग्रस्त हुए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े सुमित कुमार धानूक निवासी शक्तिनगर शुक्लागंज, शिवांशू गुप्ता उर्फ लकी गुप्ता निवासी पोनीरोड शुक्लागंज और राजेश पटेल निवासी बगहा बीघापुर उन्नाव को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में राजेश पटेल ने पुलिस को बताया कि वह पहले निजी विद्युत ठेकेदारी का काम करता था। इसी वजह से उसे विद्युत लाइनों और तारों की तकनीकी जानकारी थी। वह सुनसान स्थानों की रेकी कर चोरी के लिए सुरक्षित रास्ते और उपयुक्त स्थान चिन्हित करता था। पुलिस के मुताबिक इसके बाद ठेकेदारी की आड़ में मजदूरों को विद्युत लाइन उतारने के काम का झांसा देकर साथ ले जाया जाता और रात में पोलों पर चढ़कर तार काटे जाते थे। चोरी का तार कबाड़ियों व अन्य स्थानों पर बेचकर गिरोह आर्थिक लाभ कमाता था। आरोपितों के कब्जे से करीब सात सौ किलो एल्युमीनियम विद्युत तार से लदी महिंद्रा पिकअप, स्विफ्ट व अल्टो कार, दो तार कटर, खंभे पर चढ़ने वाली एक जोड़ी लोहे की चप्पल, तीन एंड्रॉयड व एक कीपैड मोबाइल फोन व 1140 रुपये बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रविशंकर, उपनिरीक्षक मंगेश कुमार मिश्रा, अनुज कुमार मिश्रा, विवेक कुमार, शिवनारायण सिंह, कांस्टेबल नीलेश कुर्मी, कुलदीप सिंह व रिजर्व आर्म्ड कांस्टेबल अंकित कुमार दुबे शामिल रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages