मलवां सिलेंडर हादसे में कांग्रेस ने मांगी पांच लाख की सहायता - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, September 30, 2026

मलवां सिलेंडर हादसे में कांग्रेस ने मांगी पांच लाख की सहायता

मृतकों के परिजनों को दो लाख की मदद नाकाफी, क्षतिग्रस्त मकानों को भी मिले राहत

फतेहपुर, मो शमशाद । मलवां कस्बे में सिलेंडर विस्फोट से दो मंजिला मकान जमींदोज होने व चार लोगों की मौत के बाद बुधवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने हादसे की पूरी जानकारी जुटाकर मामले से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराने की बात कही। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने मृतकों के परिजनों को दी जा रही सहायता राशि को नाकाफी बताते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।

घटनास्थल पर मौजूद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि सिलेंडर विस्फोट में पूरा मकान तबाह हो गया, जिससे पीड़ित परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली दो लाख रुपये की सहायता राशि पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार से मांग करती है कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि संकट की घड़ी में परिवार को कुछ राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि विस्फोट से आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। ऐसे में घटना स्थल के आसपास क्षतिग्रस्त हुए मकानों का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए, जिससे उनके नुकसान की कुछ भरपाई हो सके। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष कलीम उल्ला सिद्दीकी, मुन्ना कोरी, प्रेम शंकर बाजपेयी, गजेंद्र द्विवेदी, मो. इदरीस व उमेश कुमार शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages