आल्हा गायन से गूंजा सातों धरमपुर
हसवा, फतेहपुर, मो शमशाद । आधुनिकता की दौड़ में जहां लोक परंपराएं व ग्रामीण संस्कृति के पारंपरिक आयोजन धीरे-धीरे सिमटते जा रहे हैं, वहीं हसवा विकास खंड के सातों धरमपुर गांव में आल्हा गायन ने बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक को अपनी ओर खींच लिया। स्व. रामेश्वर सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की स्मृति में चौहान सदन परिसर में लगातार 10 वें वर्ष एक दिवसीय आल्हा गायन कार्यक्रम आयोजित हुआ। वीर रस से ओतप्रोत आल्हा की गूंज से पूरा गांव देर तक गुंजायमान रहा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आल्हा मंडल की टीवी एवं रेडियो गायिका काजल सिंह ने अपनी गायकी से समां बांध दिया। उन्होंने सबसे पहले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. रामेश्वर सिंह को
![]() |
| आल्हा गायन में प्रस्तुति देतीं टीबी व रेडियो गायिका काजल सिंह। |
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जब तक सूरज-चांद रहेगा, बाबा रामेश्वर सिंह का नाम अमर रहेगा। इसके बाद माढ़ो गढ़ की लड़ाई का प्रसंग छेड़ते हुए खट-खट तेगा बाजै, बाजै छपक-छपक तलवार जैसे वीर रस से भरपूर आल्हा का गायन किया तो श्रोता रोमांचित हो उठे। आल्हा गायिका ने अपनी प्रस्तुति के दौरान सातों धरमपुर की खुशहाली और मां सरस्वती के आशीर्वाद की कामना भी की। गायन सुनने के लिए सातों सुल्तानपुर, सातों पीत समेत आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। देर तक चले कार्यक्रम में लोगों ने लोकगायन का आनंद लिया। पूर्व प्रधान विष्णु सिंह ने राष्ट्रीय आल्हा मंडल टीवी एवं रेडियो सिंगर काजल सिंह को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अपने पिता स्व. रामेश्वर सिंह की स्मृति में पिछले दस वर्षों से लगातार आल्हा गायन का आयोजन कराया जा रहा है। क्षेत्र के बुजुर्गों और लोक संस्कृति प्रेमियों में आज भी आल्हा गायन को लेकर खास उत्साह है। कार्यक्रम में आदित्य सिंह, राजा द्विवेदी, मिर्चाइया सिंह, नन्नबुद महराज, अखिलेश सिंह, नीलू सिंह, दुर्गेश सिंह चंदेल, पूर्व प्रधान राममनोहर, धर्मेंद्र कुमार सिंह, केशन पासवान, पवन सविता, गया पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment