प्राचीन शिव मंदिर में शिवलिंग हटाने का आरोप, मऊ थाने में दी शिकायत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, September 25, 2026

प्राचीन शिव मंदिर में शिवलिंग हटाने का आरोप, मऊ थाने में दी शिकायत

मऊ, चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । मऊ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरहा कोटरा स्थित अति प्राचीन भंडदेवर शिव मंदिर में शिवलिंग को उसके मूल स्थान से हटाए जाने और मंदिर परिसर में खड़े पीपल के हरे पेड़ को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत मऊ थाने में करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में भगवान शिव का शिवलिंग स्थापित है। शुक्रवार को जब प्रार्थी दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंचा तो देखा कि शिवलिंग की खुदाई कर उसे मूल स्थान से करीब 10 फीट दूर रख दिया गया था। ग्रामीणों के अनुसार मंदिर परिसर में करीब 20 फीट ऊंचा और लगभग एक फीट मोटा हरा पीपल का पेड़ भी था। आरोप है कि पेड़ की सभी डालियां काटकर उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पेड़ में किसी केमिकल का प्रयोग किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।



ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने की ऐसी घटनाओं से श्रद्धालुओं में असुरक्षा और रोष है। कुछ दिन पहले ऋषियन आश्रम में भी ऐसी घटना सामने आने की जानकारी महंत इंद्रेश त्रिपाठी ने दी थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के अन्य मंदिरों को भी निशाना बनाए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages