जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, September 26, 2026

जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

बांदा, के एस दुबे । लगातार हो रही बारिश के चलते जनपद के विभिन्न इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने शनिवार को जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शुकुल कुआं, कताई मिल, मवई बुजुर्ग, पपरेन्दा और परसौड़ा गांव सहित अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसडीएम, बीडीओ और संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर पंप, जेसीबी समेत उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने को कहा।


डीएम ने नालियों और नालों की सफाई कर अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को तत्काल खुलवाने तथा मुख्य मार्गों, बाजारों, आबादी वाले क्षेत्रों और सरकारी परिसरों में जलभराव पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने को कहा गया। जलभराव से आवागमन प्रभावित होने वाले मार्गों पर आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था और बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को जलभराव वाले क्षेत्रों में विद्युत सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यधिक जलभराव वाले क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को बारिश के दौरान जलभराव की समस्या के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages