निर्माण श्रमिकों के पंजीयन-नवीनीकरण के लिए लगेंगे विशेष कैंप - आर.के. - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, September 19, 2026

निर्माण श्रमिकों के पंजीयन-नवीनीकरण के लिए लगेंगे विशेष कैंप - आर.के.

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्माण श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और रोजगार से जोड़ने के लिए जिले के विभिन्न लेबर अड्डों एवं निर्माण स्थलों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन शिविरों में श्रमिकों का पंजीयन व नवीनीकरण कराने के साथ बोर्ड की योजनाओं की जानकारी, फैमिली आइडी, आयुष्मान कार्ड, पीएमएसवाईएम व एनपीएस में पंजीयन तथा यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप डाउनलोड कराया जाएगा। सहायक श्रमायुक्त आर.के. गुप्ता ने बताया कि विकासखंड कर्वी में 21 से 23, पहाड़ी में 24 से 26, मानिकपुर और रामनगर में 28 से 30 सितंबर, मऊ में एक, तीन और पांच अक्टूबर तथा लेबर अड्डा कर्वी में छह से आठ अक्टूबर तक शिविर लगाए जाएंगे। विभाग ने श्रमिकों से निर्धारित तिथियों में शिविरों में पहुंचकर पंजीयन संबंधी प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है।  उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ लेने के लिए


निर्माण श्रमिक के रूप में पंजीयन अनिवार्य है। पहले से पंजीकृत श्रमिकों को प्रत्येक वर्ष नवीनीकरण कराना होगा। नवीनीकरण नहीं कराने पर भविष्य में पंजीयन निरस्त किया जा सकता है। श्रमिक जनसेवा केंद्र अथवा अपने मोबाइल से ऑनलाइन पंजीयन और नवीनीकरण करा सकते हैं। वहीं ’’यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप’’ श्रमिकों और नियोजकों के बीच डिजिटल माध्यम के रूप में काम करेगा। मिस्त्री, हेल्पर, प्लंबर, टाइल्स-पत्थर और शटरिंग आदि कामगार ऐप के माध्यम से रोजगार तलाश सकेंगे, जबकि बिल्डर, ठेकेदार और निर्माण एजेंसियां सीधे जरूरत के अनुसार श्रमिकों से संपर्क कर सकेंगी। इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होने के साथ श्रमिकों को घर बैठे रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages