चित्रकूट, के एस दुबे : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बुधवार को राजकीय जिला पुस्तकालय कर्वी का निरीक्षण कर मौजूदा व्यवस्थाओं और प्रस्तावित आधुनिक पुस्तकालय के निर्माण की तैयारियों का जायजा लिया। नीति आयोग योजना के तहत करीब सात करोड़ रुपये की लागत से चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा नवीन पुस्तकालय का निर्माण प्रस्तावित है। डीएम ने ले-आउट, ड्राइंग और डिजाइन देखकर आर्किटेक्ट से निर्माण संबंधी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि नवीन भवन में भूतल, प्रथम और द्वितीय तल पर कोचिंग, पुस्तकालय, कार्यालय और मल्टीपरपज हॉल बनाए जाएंगे। डीएम ने पुस्तकालय की क्षमता 450 सीट करने के साथ लाइब्रेरियन कक्ष, बड़ा मल्टीपरपज हॉल, बच्चों के लिए किड्स फ्रेंडली प्ले रूम और पर्याप्त टैब की व्यवस्था के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक टेबल पर चार्जिंग प्वाइंट उपलब्ध कराने को भी कहा। उन्होंने कोचिंग कक्ष और
वर्तमान पुस्तकालय का निरीक्षण किया। यहां यूपीएससी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को प्रश्नपत्रों के पैटर्न की जानकारी देने, पिछले 10 वर्षों के प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा के प्रश्नपत्र हल कराने और नियमित मॉक टेस्ट कराने के निर्देश दिए। वर्तमान पुस्तकालय में करीब पांच हजार पुस्तकों की क्षमता बताई गई। डीएम ने सू-रैक और 100 लीटर क्षमता का वाटर कूलर लगाने को कहा। विद्यार्थियों द्वारा बिजली, शौचालय, पेयजल और सफाई की समस्याएं बताईं गई। डीएम ने सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर सफाई कर्मचारी वीरेंद्र का पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही लाइब्रेरियन डॉ. प्रदीप शुक्ल का वेतन रोककर कारण बताओ नोटिस तथा नियमित निरीक्षण न करने पर डीआईओएस को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें। इस मौकेपर सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment